महराजगंज महोत्सव में होगी विज्ञान प्रदर्शनी, स्काई वॉचिंग से दिन में तारे देखेंगे बच्चे
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- महराजगंज महोत्सव में कला, साहित्य, संस्कृति व लोक नृत्य के साथ विज्ञान से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्काई वाचिंग से बच्चे महोत्सव स्थल से ही दिन में तारे देख सकेंगे। उन्हें नक्षत्र का भी दर्शन कराया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि महोत्सव में वैज्ञानिक अभिरुचि को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन होगा, जिससे छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि जाग्रत हो सके। तारामंडल गोरखपुर के सहयोग से 28, 29 और 30 सितंबर को स्काई वॉचिंग का आयोजन होगा, जिसमें मोबाइल प्लैनेटोरियम के माध्यम से बच्चों को नक्षत्र दर्शन कराया जाएगा। महोत्सव में आकर्षण का केन्द्र बनेंगे यह कार्यक्रम जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि तीन दिवसीय महराजगंज महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कलाकार भी भाग लेंगे। महोत्सव के मुख्य आकर्षण में 01 अक्तूबर को प्रसिद्ध गायिका मोनाली ठाकुर, 02 अक्तूबर को गायक बी. प्राक की प्रस्तुति होगी। वहीं 03 अक्तूबर को भोजपुरी संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मनोज तिवारी और अक्षरा सिंह जैसे मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा स्थानीय कलाकार भी अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महराजगंज की सांस्कृतिक पहचान वनटांगिया समुदाय की जीवन पद्धति पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें : बढ़ती बेरोजगारी व मंहगाई को लेकर गठबंधन प्रत्याशी ने बोला सरकार पर हमला,बोले भाजपा देती है सिर्फ जुमला